हनुमानगढ़। महाशिवरात्रि के पावन मौके पर श्री बाबा रामदेव सेवा समिति, वार्ड 52, सुरेशिया के तत्वावधान में 26वां जागरण एवं भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन शिव पार्क के पास, वार्ड 52, सुरेशिया, तारघर रोड स्थित रामदेव मिशन भंडार के निकट सम्पन्न होगा।

कार्यक्रम के तहत 15 फरवरी, रविवार को रात्रि 9.15 बजे से जागरण शुरू होगा, जो देर रात तक चलेगा। वहीं 16 फरवरी, सोमवार को सुबह 11.15 बजे से भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जाएगा।

आयोजन में श्रीगंगानगर के भजन गायक ज्योति प्रिंस शर्मा एवं प्रिंस म्यूजिकल ग्रुप की ओर से भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। साथ ही सिरसा के कलाकारों की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केन्द्र रहेंगी। समिति के मनोहर लाल ने बताया कि महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में क्षेत्र के श्रद्धालुओं को भक्ति भाव से शामिल होकर भगवान भोलेनाथ का गुणगान सुनने और प्रसाद ग्रहण करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में श्रद्धालुओं से पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। इस आयोजन के माध्यम से क्षेत्र में धार्मिक एवं सामाजिक एकता को बढ़ावा देने का भी संदेश दिया जाएगा।
