हनुमानगढ़। टाउन क्षेत्र के सतीपुरा बाइपास रोड स्थित वीडी मोटर्स (महिंद्रा शोरूम) में वाहन रिपेयरिंग में देरी को लेकर शुक्रवार को गजेंद्र सिंह राठौड़ एवं उनके समर्थकों ने प्रदर्शन कर रोष जताया। प्रदर्शनकारियों ने शोरूम प्रबंधन के खिलाफ धरना देते हुए वाहन मरम्मत और इंश्योरेंस क्लेम प्रक्रिया में हो रही देरी पर नाराजगी व्यक्त की।प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे गजेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि उनकी कंपनी खनन कार्यों में महिंद्रा बोलेरो कैंपर वाहनों का उपयोग करती है। उन्होंने कहा कि उनकी बोलेरो कैंपर गाड़ी नंबर आरजे 19 जीके 5292 का 9 मार्च को एक कार से एक्सीडेंट हो गया था। हादसे के तुरंत बाद वाहन को रिपेयरिंग और इंश्योरेंस क्लेम प्रक्रिया के लिए उसी दिन वीडी मोटर्स शोरूम में जमा करवा दिया गया था। राठौड़ का आरोप है कि वाहन जमा करवाए हुए दो महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक गाड़ी पूरी तरह तैयार नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि वाहन लंबे समय से शोरूम में खड़ा होने के कारण उनकी कंपनी के खनन कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इससे कंपनी को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। उन्होंने शोरूम प्रबंधन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार संपर्क करने के बावजूद संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। प्रदर्शन के दौरान राठौड़ ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही वाहन तैयार कर ग्राहक को नहीं सौंपा गया तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि ग्राहकों को समय पर सेवा देना कंपनी और शोरूम प्रबंधन की जिम्मेदारी है, लेकिन यहां ग्राहकों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। धरना-प्रदर्शन में पवन सिंह, कमल सिंह, विनोद कुमार, धर्मेंद्र यादव, मनजीत सिंह, चंद्र कुमार, लक्ष्मण सिंह, उमेश सिंह, धर्मेंद्र सिंह, रूप सिंह, महीपाल सिंह, राहुल सिंह, नरेंद्र सिंह, विक्रम सिंह, संजय कुमार, पंकज कुमार और अनिल कुमार सहित कई कर्मचारी और समर्थक मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर शोरूम प्रबंधन ने देरी के पीछे तकनीकी कारण बताए हैं। वीडी मोटर्स के बॉडी शॉप मैनेजर ओम प्रकाश ने बताया कि वाहन की डेंटिंग और पेंटिंग का कार्य पूरा किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि मरम्मत कार्य में देरी का मुख्य कारण महिंद्रा कंपनी से संबंधित एक विशेष स्पेयर पार्ट का उपलब्ध नहीं होना है। ओम प्रकाश के अनुसार संबंधित स्पेयर पार्ट का ऑर्डर पहले ही किया जा चुका है और 12 मई तक उसके उपलब्ध होने की संभावना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जैसे ही पार्ट उपलब्ध होगा, वाहन को पूरी तरह तैयार कर ग्राहक को सौंप दिया जाएगा। शोरूम प्रबंधन ने कहा कि ग्राहकों की परेशानी को समझते हुए जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।
