हनुमानगढ़। गर्मी का मौसम शुरू होने से पहले ही शहर में पेयजल संकट गहराने लगा है। जगह-जगह से पानी की किल्लत की शिकायतें जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के पास पहुंच रही हैं। इसी कड़ी में टाउन के वार्ड 38 स्थित रूपनगर क्षेत्र के वाशिंदे भी पिछले करीब छह माह से पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। समस्या से त्रस्त वार्ड की महिलाओं ने मंगलवार को सांकेतिक रूप से एकत्रित होकर मटका फोड़ प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में रोजेदार महिलाएं शामिल रहीं। वार्डवासी सलमा ने बताया कि क्षेत्र में पानी के लिए मारामारी की स्थिति बनी हुई है। वार्ड का एकमात्र हैंडपंप दो बार खराब हो चुका है। पहले इस हैंडपंप से दूर-दूर से महिलाएं पानी भरने आती थीं, लेकिन अब इसके बंद होने से उन्हें अन्य स्थानों से पानी लाने की मजबूरी है। वहां भी पर्याप्त पानी नहीं मिलने से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

महिलाओं ने बताया कि पानी की कमी से दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। विशेषकर रमजान के दौरान रोजेदारों को ज्यादा दिक्कत उठानी पड़ रही है। नलों से शोरायुक्त (खारा) पानी आने के कारण लोगों को वही पीना पड़ रहा है, जिससे बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है। वार्डवासियों का कहना है कि समस्या पिछले छह महीनों से बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने मांग की कि खराब हैंडपंप को शीघ्र दुरुस्त कराया जाए या नियमित नहरी पानी की सप्लाई सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके। महिलाओं ने चेतावनी दी कि फिलहाल सांकेतिक रूप से मटका फोड़ा गया है। यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे पीएचईडी कार्यालय का घेराव करेंगी और आंदोलन तेज करने से भी पीछे नहीं हटेंगी।
