हनुमानगढ़। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च, रविवार को हनुमानगढ़ जंक्शन में राज्य स्तरीय सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन राजस्थान सरकार के महिला अधिकारिता निदेशालय (महिला एवं बाल विकास विभाग) की ओर से किया जा रहा है। समारोह में विभिन्न योजनाओं की घोषणाएं, सम्मान वितरण और महिला सशक्तिकरण से जुड़े कई कार्यक्रम होंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शिरकत करेंगे, जबकि उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी एवं प्रभारी मंत्री सुमित गोदारा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहेंगे। समारोह की शुरुआत दोपहर 1 बजे प्रतिभागियों के पंजीकरण और प्रदर्शनी के अवलोकन से होगी। इसके बाद दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। समारोह के दौरान लाड़ो प्रोत्साहन योजना पोर्टल और साथिन मार्गदर्शिका डिजिटल पोर्टल का शुभारंभ किया जाएगा। इसके अलावा जिला कलक्टर की ओर से विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया जाएगा। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग, उच्च शिक्षा विभाग और अन्य विभागों की ओर से विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इनमें लाड़ो प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री मातृत्व पोषण योजना और बालिका दूरस्थ शिक्षा योजना प्रमुख हैं। इसके साथ ही विभिन्न विभागों की ओर से पीएम स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना और स्वयं सहायता समूहों को ऋण वितरण के तहत लाभार्थियों को चेक भी वितरित किए जाएंगे। समारोह में आंगनबाड़ी गतिविधियों के वार्षिक कैलेंडर का विमोचन किया जाएगा और साथिनों को 10 प्रतिशत मानदेय वृद्धि के आदेश का प्रसारण भी होगा। वहीं पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान योजना के तहत राज्य स्तरीय पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम के अंत में पंजीकृत डेयरियों को पंजीकरण प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री के उद्बोधन और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
