हनुमानगढ़। कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की ओर से पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार महिला सुरक्षा अभियान के तहत गुरुवार को टाउन स्थित सेठ राधा किशन बिहाणी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान पुलिस टीम ने बालिकाओं को आत्मरक्षा के विभिन्न गुर सिखाते हुए विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा करने के व्यावहारिक तरीके बताए। साथ ही छात्राओं को राजस्थान पुलिस के राजकोप सिटीजन एप की उपयोगिता एवं इसके माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए छात्राओं को ऑनलाइन फ्रॉड, सोशल मीडिया अपराध एवं साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। पुलिस टीम ने बताया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नम्बर 1930 पर शिकायत दर्ज करवानी चाहिए। इसके अलावा छात्राओं को आपातकालीन हेल्पलाइन नम्बर 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा गरिमा हेल्पलाइन 1090 की जानकारी देकर आवश्यकता पड़ने पर इन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने पोक्सो एक्ट, घरेलू हिंसा अधिनियम एवं कार्यस्थल पर महिलाओं के शोषण के विरुद्ध बनाए गए कानूनों की जानकारी देते हुए बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। साथ ही सोशल मीडिया के दुरुपयोग से बचने एवं किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक गतिविधि में शामिल नहीं होने की सलाह दी गई। छात्राओं ने महिला सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता से जुड़ी जानकारी को उपयोगी बताते हुए पुलिस विभाग की इस पहल की सराहना की।
