हनुमानगढ़। लोक जनशक्ति पार्टी राजस्थान के महिला प्रकोष्ठ में संगठनात्मक विस्तार करते हुए हनुमानगढ़ जिले की नई जिम्मेदारी तय की गई है। पार्टी की ओर से माया देवी पत्नी ओमप्रकाश निवासी वार्ड 58, सुरेशिया, जंक्शन को महिला प्रकोष्ठ का जिला प्रभारी नियुक्त किया गया है। शनिवार को पार्टी प्रदेश सचिव संतोष पूनिया की ओर से माया देवी को नियुक्ति पत्र सौंपा गया। जारी नियुक्ति पत्र में बताया गया कि माया देवी को यह जिम्मेदारी उनके सामाजिक सक्रियता और संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए सौंपी गई है। पार्टी नेतृत्व ने विश्वास जताया है कि उनके कुशल नेतृत्व में लोक जनशक्ति पार्टी राजस्थान में मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी और संगठन को जमीनी स्तर पर विस्तार मिलेगा। पार्टी की ओर से कहा गया है कि माया देवी महिला प्रकोष्ठ के माध्यम से महिलाओं को पार्टी से जोड़ने, सदस्यता अभियान को गति देने और संगठन को मजबूत बनाने के लिए कार्य करेंगी। साथ ही प्रदेश स्तर पर चलाए जा रहे कार्यक्रमों और अभियानों को भी जिले में सक्रिय रूप से आगे बढ़ाया जाएगा। नियुक्ति पत्र में उनसे अपेक्षा की गई है कि वे संगठन के हित में सक्रिय भूमिका निभाएंगी और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगी। इस मौके पर जिलाध्यक्ष विकास झोरड़, जिला प्रभारी सुभाष चन्द्र, महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष सावित्री मौजूद थे।
