हनुमानगढ़। अखिल भारतीय शाक्य महासभा जिला इकाई की चुनाव प्रक्रिया मंगलवार को सम्पन्न हुई। चुनाव अधिकारी विद्याराम शाक्य ने महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैलाश शाक्य, राजस्थान प्रभारी अवधेश, राजस्थान कॉर्डिनेटर ग्याप्रसाद, दिल्ली प्रदेश सचिव राकेश बाबू सहित अन्य पदाधिकारियों की मौजूदगी में चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न करवाई। निर्विरोध एवं सर्वसम्मति से हुए चुनाव में मुरारीलाल शाक्य को जिलाध्यक्ष चुना गया। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष मुरारीलाल शाक्य का माला पहनाकर स्वागत किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष ने कहा कि वे समाजहित के लिए सदैव तत्पर रहेंगे और समाज के नागरिकों की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने विशेष रूप से समाज के बच्चों की शिक्षा पर ध्यान देने की बात कही। साथ ही जरूरतमंद एवं असहाय परिवारों की मदद को प्राथमिकता देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि समाज में कई प्रकार की कमियां और कुरीतियां व्याप्त हैं। इनमें मृत्यु भोज प्रमुख है। सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के लिए प्रयास किए जाएंगे। समाज के आर्थिक एवं सामाजिक रूप से पिछड़े परिवारों को आगे लाने की दिशा में काम किया जाएगा। जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में भी सहयोग किया जाएगा।
