हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय का परीक्षा परिणाम इस वर्ष शत-प्रतिशत रहा। विद्यालय में 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को बुधवार को विद्यालय स्टाफ, एसडीएमसी एवं एसएमसी सदस्यों की ओर से माला पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर कक्षा 12 कला वर्ग की छात्रा तान्या, जिन्होंने दृष्टिबाधित होने के बावजूद 89 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपने माता-पिता एवं विद्यालय का नाम रोशन किया, विशेष आकर्षण का केन्द्र रहीं। कक्षा 12 विज्ञान वर्ग में भावना वर्मा ने सर्वाधिक 95.40 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जबकि कला वर्ग में मुस्कान ने 95 प्रतिशत अंक हासिल किए। कक्षा 10 में दिव्यांशी ने 90.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में एसडीएमसी सदस्य दुलीचंद ज्याणी, देवीलाल वर्मा, छगनलाल बालासरिया, पंकज सोनी, उर्मिला सोनी एवं मोहन निराणिया ने छात्राओं को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा आगे और अधिक मेहनत कर परिवार व क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य रेणु ने विद्यालय के शत-प्रतिशत परिणाम पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी छात्राओं एवं स्टाफ को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
