हनुमानगढ़। राजस्थान शिक्षक संघ अंबेडकर की ब्लॉक कार्यकारिणी के पुनर्गठन को लेकर रविवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक में शैक्षिक उन्नयन, शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों पर चर्चा की गई। इसके बाद चुनाव अधिकारी जोगेंद्र व चुनाव पर्यवेक्षक हीरालाल लोहिया की देखरेख में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। चुनाव प्रक्रिया के दौरान सर्वसम्मति से युधिष्ठिर मेहरड़ा को अध्यक्ष, धर्मपाल छाछीया को उपाध्यक्ष, रामेश्वर को तहसील मंत्री, राजनारायण को कोषाध्यक्ष, भोपाल मेहरड़ा को सभाध्यक्ष, श्योपत राम को संयुक्त मंत्री, प्रेम कुमार को प्रवक्ता, राधेश्याम कोटी को सलाहकार तथा राजेन्द्र को प्रतिनिधि (माध्यमिक शिक्षा) निर्वाचित किया गया। जिला मंत्री राकेश सकरवाल ने नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए। जिले की तहसील कार्यकारिणियों के पुनर्गठन के क्रम में यह चुनाव संपन्न हुआ। इससे पूर्व 31 मार्च को भादरा उपशाखा का गठन किया जा चुका है। बैठक में चुनाव से पहले गत शैक्षिक सत्र के आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। बैठक के दौरान विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई। साथ ही कुक-कम-हेल्पर का मानदेय न्यूनतम श्रमिक दर के अनुसार निर्धारित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। इसके अलावा पिछले सात वर्षांे से लंबित ग्रेड थर्ड की डीपीसी के मुद्दे पर भी विचार-विमर्श किया गया। जिलाध्यक्ष दीपक बारोटिया ने दूरभाष के माध्यम से नवगठित कार्यकारिणी को संबोधित करते हुए सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं तथा शिक्षा, शिक्षक और शिक्षार्थियों के हित में समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
