हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय के तत्वावधान में शनिवार को वन्दे भारत-उन्नत भारत अभियान के अंतर्गत आकाशवाणी सूरतगढ़ की ओर से तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति के उद्घोषक वन्दे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित हुआ। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विधि एवं कृषि संकाय के छात्र-छात्राओं ने महिलाओं का डिजिटल सशक्तिकरण, साइबर अपराध एवं सुरक्षा, शिक्षा पर तकनीक का प्रभाव, मेंटल हेल्थ और आधुनिक जीवन, कृषि में महिलाओं की भूमिका, इंडिया 2047: ड्रीम टू रियलिटी तथा ऑनलाइन शिक्षा-भविष्य की दिशा जैसे समसामयिक विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता के परिणामस्वरूप कृषि संकाय की सबरीन सिद्धू ने प्रथम स्थान, राजीव वर्मा ने द्वितीय स्थान तथा विधि संकाय की बबीता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, वहीं प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस मौके पर श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जूनेजा ने कहा कि तात्कालिक भाषण जैसी प्रतियोगिताएं छात्र-छात्राओं के व्यक्तित्व विकास, वैचारिक स्पष्टता और आत्मविश्वास को सशक्त बनाती हैं। उन्होंने कहा कि वन्दे भारत एवं उन्नत भारत अभियान युवाओं में राष्ट्र निर्माण, डिजिटल जागरूकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं तथा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की दिशा में प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम में आकाशवाणी की ओर से प्रोग्राम समन्वयक नवीन सिसोदिया, पुष्पेन्द्र सिंह, नरेश कम्बोज सहित विश्वविद्यालय के विधि विभागाध्यक्ष डॉ. विक्रम मेहरा एवं कृषि विभागाध्यक्ष डॉ. अभिनव कुमार मौजूद रहे।
