हनुमानगढ़। सामाजिक न्याय और समानता के अग्रदूत डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के मौके पर मंगलवार को जंक्शन शहर के अम्बेडकर चौक पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) और भारत की नौजवान सभा के तत्वावधान में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर की गई। कार्यक्रम में युवाओं, छात्रों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लेकर उनके विचारों को अपनाने का संकल्प लिया। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने देश को समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व का मार्ग दिखाया, जिसे आज के युवाओं को अपनाना आवश्यक है। उन्होंने उनके ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करोÓ के मूल मंत्र को अपनाकर समाज में व्याप्त भेदभाव और असमानता को समाप्त करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिनमें युवाओं ने बाबा साहेब के जीवन और उनके संघर्षांे को प्रस्तुत किया। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा का संकल्प लिया। इस मौके पर डीवाईएफआई जिलाध्यक्ष देवीलाल, एसएफआई तहसील अध्यक्ष मोहित कुमार, सुरेश जोड़कियां, राकेश, आनंदराम, राहुल, विकास मेहरड़ा, सुरेन्द्र दहिया व विजय स्वामी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
