हनुमानगढ़। टाउन स्थित राजकीय नेहरू मेमोरियल महाविद्यालय में शनिवार को ‘नशामुक्त भारत अभियानÓ के तहत पोस्टर एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा। पोस्टर प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों को आकर्षक चित्रों और प्रभावशाली संदेशों के माध्यम से प्रस्तुत किया। वहीं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने नशामुक्त भारत अभियान, स्वास्थ्य जागरूकता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े प्रश्नों के उत्तर देकर अपने ज्ञान का परिचय दिया। पोस्टर प्रतियोगिता में बीए प्रथम सेमेस्टर की सपना ने प्रथम, बीए चतुर्थ सेमेस्टर की दिव्या ने द्वितीय तथा बीए प्रथम सेमेस्टर के सैम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में बीए प्रथम सेमेस्टर की सपना प्रथम, बीए चतुर्थ सेमेस्टर के जसवंत द्वितीय तथा बीए चतुर्थ सेमेस्टर की दिव्या तृतीय स्थान पर रहीं। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. रामपाल अहरोदिया ने विद्यार्थियों की रचनात्मक सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में सकारात्मक सोच, सामाजिक चेतना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस मौके पर किरण ढिल, भागवन्ती, अनमोल शर्मा, ममता, विजय सिंह सहित महाविद्यालय के अन्य संकाय सदस्य मौजूद रहे।
