हनुमानगढ़। संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती के मौके पर सशक्त नारी संस्थान सदस्यों की ओर से टाउन स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय के पास लंगर का आयोजन किया गया। इस सेवा कार्य का उद्देश्य सामाजिक समरसता, मानव सेवा और गुरु रविदास के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाना रहा। लंगर की शुरुआत गुरु रविदास के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। संस्थान की महिला सदस्यों ने सेवा भावना के साथ भोजन वितरण किया।

लंगर में बड़ी संख्या में राहगीरों व जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों ने पंक्तिबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। सशक्त नारी संस्थान की संस्थापक एवं अध्यक्ष एडवोकेट मिताली अग्रवाल ने कहा कि गुरु रविदास का जीवन हमें समानता, भाईचारे और मानव सेवा की प्रेरणा देता है। उनके बताए मार्ग पर चलते हुए जरूरतमंदों की सेवा करना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। सचिव प्रीति गुप्ता ने कहा कि संस्थान समय-समय पर सामाजिक और धार्मिक अवसरों पर सेवा कार्य करता रहता है ताकि समाज में सहयोग और सकारात्मक सोच को बढ़ावा मिले। इस मौके पर अलीशा गुप्ता, सिमरन कौर, शशि जैन, संरक्षक सरोज अग्रवाल, डिंपल धूड़िया, बबीता स्वामी सहित संस्थान की अन्य सदस्य मौजूद रहीं।
