हनुमानगढ़। राजस्थान राजस्व लेखा सेवा संघ की प्रदेश अध्यक्ष रेखा शर्मा द्वारा जारी चुनाव कार्यक्रम के अनुसार सोमवार को राजस्थान राजस्व लेखा सेवा संघ जिला शाखा हनुमानगढ़ के सदस्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सहायक राजस्व लेखाधिकारी ग्रेड-द्वितीय संदीप मनोहर ने की। बैठक में जिला अध्यक्ष के चुनाव सहित संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। चर्चा के दौरान यह निर्णय लिया गया कि जिला अध्यक्ष का चुनाव सर्वसम्मति से किया जाएगा। इस क्रम में टिब्बी तहसील राजस्व लेखाकार आदराम ने कलेक्ट्रेट हनुमानगढ़ तहसील राजस्व लेखाकार अनिल कुमार का नाम अध्यक्ष पद के लिए प्रस्तावित किया, जिस पर उपस्थित सभी सदस्यों ने सहमति व्यक्त की। चुनाव अधिकारी सुनील कुमार ने अनिल कुमार को सर्वसम्मति से जिला अध्यक्ष घोषित किया तथा उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाकर संघ की समस्त गतिविधियां संचालित करने का अधिकार प्रदान किया। शपथ ग्रहण के पश्चात नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनिल कुमार ने संघ के संविधान के प्रति निष्ठा व्यक्त करते हुए संगठन को मजबूती प्रदान करने का संकल्प लिया। बैठक में चुनाव पर्यवेक्षक के रूप में नरेन्द्र कुमार उपस्थित रहे।
