पीलीबंगा। श्री रामनवमी के पावन अवसर पर पीलीबंगा स्थित श्री डिग्गी वाले हनुमान मंदिर में गुरुवार को भव्य रामोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन श्री रामोत्सव सेवा समिति द्वारा किया जा रहा है, जिसमें क्षेत्रवासियों को बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। समिति अध्यक्ष रामस्वरूप लीला के नेतृत्व में रमन बाघला, विनोद शास्त्री, पवन मित्तल, संजय मांझु, इंद्रजीत नंदीवाल, पुरुषोत्तम दास, भागीरथ पारीक, राजेंद्र सोनी, जॉनी बलाना, सत्यनारायण राजपुरोहित, अनिल छिम्पा, आकाश सेतिया, अशोक और अमित कुलड़िया सहित अन्य सदस्यों ने धानमंडी सहित विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर श्रद्धालुओं को निमंत्रण पत्र वितरित किए और कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। आयोजन के दौरान संस्कृत पाठशाला के विद्यार्थियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण किया जाएगा। इसके साथ ही विजय महामंत्र जाप, सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, भव्य महाआरती तथा प्रसाद वितरण भी कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण रहेंगे। कार्यक्रम में संत प्रभु रामदास जी महाराज का सानिध्य रहेगा, जबकि भजन संध्या में पंडित आदित्य कृष्ण शास्त्री द्वारा भजन प्रस्तुत किए जाएंगे। आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम सायं 4:15 बजे से प्रारंभ होगा। समिति ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं तथा धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं से अपील की है कि वे इस पावन अवसर पर उपस्थित होकर भगवान श्रीराम का आशीर्वाद प्राप्त करें।
