हनुमानगढ़। जिले के रावतसर स्थित बाल नवजीवन सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम हासिल कर विद्यालय और परिवार का नाम रोशन किया है। विद्यालय की छात्रा प्रिया चौधरी ने आर्ट्स संकाय में 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की। प्रिया ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने पिता करणीराम और माता विद्यावती को दिया है। प्रिया का सपना भविष्य में आईएएस अधिकारी बनकर देश की सेवा करना है।

वहीं विद्यालय की ही छात्रा भूमिका ने भी आर्ट्स संकाय में 95.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर बेहतरीन प्रदर्शन किया। भूमिका ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता कालूराम और माता मंजू को दिया है। भूमिका भी आगे चलकर आईएएस अधिकारी बनना चाहती है। दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है तथा परिजनों और शिक्षकों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
