– अब घर बैठे मिलेगी केस की जानकारी, ऑनलाइन फीस जमा और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से होगी सुनवाई
रावतसर। न्याय व्यवस्था को डिजिटल और आमजन के लिए अधिक सुलभ बनाने की दिशा में रावतसर न्यायालय परिसर में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिला हनुमानगढ़ के रावतसर कोर्ट परिसर में सोमवार को “ई-सेवा केन्द्र” का शुभारम्भ किया गया। इस केन्द्र के माध्यम से अब पक्षकारों और आम नागरिकों को न्यायालय से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सेवाएं और जानकारियां डिजिटल माध्यम से उपलब्ध हो सकेंगी। इसे आधुनिक, पारदर्शी और तेज न्याय व्यवस्था की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान जिला एवं सेशन न्यायाधीश तनवीर चौधरी ने कहा कि आने वाले समय में ई-सेवा केन्द्र न्याय प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और तेज बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि अब पक्षकारों को केस की अगली तारीख जानने के लिए बार-बार न्यायालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और न ही किसी कर्मचारी पर निर्भर रहना होगा। भविष्य में लोग अपने मोबाइल फोन के माध्यम से घर बैठे केस की स्थिति और उससे जुड़ी अपडेट प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि ई-फाइलिंग व्यवस्था लागू होने से कागजी फाइलों का बोझ कम होगा तथा मुकदमों के पंजीकरण की प्रक्रिया पहले से अधिक तेज और व्यवस्थित बनेगी। इससे मामलों की सुनवाई शुरू होने में लगने वाला समय भी कम होगा और न्यायालयीन कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी बन सकेगी। ई-सेवा केन्द्र के माध्यम से कोर्ट फीस और जुर्माने का ऑनलाइन भुगतान भी किया जा सकेगा। डिजिटल भुगतान व्यवस्था से पारदर्शिता बढ़ेगी और नकद लेन-देन में होने वाली अनियमितताओं पर रोक लगेगी। इससे आमजन का समय और धन दोनों की बचत होगी। कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि भविष्य में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और वर्चुअल कोर्ट व्यवस्था के जरिए दूर-दराज क्षेत्रों में रहने वाले गवाह और पक्षकार बिना कोर्ट आए भी सुनवाई में शामिल हो सकेंगे। इससे न्याय प्रक्रिया में तेजी आएगी और लोगों को यात्रा संबंधी परेशानियों से राहत मिलेगी। ई-कोर्ट्स मोबाइल ऐप को भी इस व्यवस्था का अहम हिस्सा बताया गया। इसके जरिए नागरिक अपने केस से जुड़े दस्तावेज, आदेश और अन्य सूचनाएं डिजिटल रूप में सुरक्षित रख सकेंगे। साथ ही न्यायालय के आदेशों और निर्णयों की प्रमाणित सॉफ्ट कॉपी ई-मेल, व्हाट्सएप और अन्य डिजिटल माध्यमों से उपलब्ध कराई जा सकेगी। रावतसर कोर्ट परिसर में स्थापित इस ई-सेवा केन्द्र पर मामलों की स्थिति और अगली सुनवाई की तारीख की जानकारी, सीआईएस पर मामलों की एंट्री और फाइलिंग नंबर प्राप्त करना, कोर्ट फीस और जुर्माने का ई-पेमेंट, ई-कोर्ट्स ऐप डाउनलोड कराने में सहायता, अवकाश पर गए न्यायिक अधिकारियों की जानकारी, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सुनवाई और न्यायिक आदेशों की सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराने जैसी सुविधाएं दी जाएंगी। इस अवसर पर अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश राजन खत्री, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हेतराम मुण्ड, न्यायिक मजिस्ट्रेट नेहा कुमावत, वरिष्ठ मुंसरिम संदीप सहगल, सिस्टम ऑफिसर अंकित नारंग, बार संघ अध्यक्ष विनोद स्वामी, सहायक नाजिर हरिचंद लावा, रीडर कृष्ण खोड, नौरंगलाल, जयसिंह और सिस्टम असिस्टेंट संदीप शर्मा सहित कई न्यायिक अधिकारी और अधिवक्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के बाद बार संघ भवन में जिला एवं सेशन न्यायाधीश तनवीर चौधरी का बार संघ की ओर से साफा और माला पहनाकर स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने अधिवक्ताओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। मंच संचालन अधिवक्ता हनुमान प्रसाद शर्मा ने किया। रावतसर में शुरू हुआ यह ई-सेवा केन्द्र न केवल न्यायालयों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने का प्रयास है, बल्कि आमजन को तेज, पारदर्शी और सुलभ न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।
संवाददाता- जगत जोशी
