रावतसर। रावतसर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने राजस्थान के मुख्यमंत्री से मुलाकात कर रावतसर धान मंडी के विस्तार की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने गेहूं की फसल पर न्यूनतम समर्थन मूल्य के साथ राज्य सरकार द्वारा दिए गए 150 प्रति क्विंटल बोनस के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया। व्यापार मंडल के अध्यक्ष मुकेश कुमार न्यौल और सचिव भैरूसिंह बेहड़ा ने मुख्यमंत्री को सौंपे ज्ञापन में बताया कि अनाज मंडी रावतसर की स्थापना वर्ष 1975 में हुई थी। पिछले कुछ वर्षों में क्षेत्र में कृषि उत्पादन बढ़ने के साथ मंडी में जिंसों की आवक में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है, जिसके कारण व्यापारियों की संख्या भी लगातार बढ़ी है। उन्होंने बताया कि वर्तमान मंडी यार्ड अब क्षेत्र की बढ़ती आवश्यकताओं के मुकाबले छोटा पड़ने लगा है। सीमित स्थान और बढ़ती भीड़ के कारण किसानों को अपनी उपज बेचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। साथ ही मजदूरों और व्यापारियों को भी कई प्रकार की असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि रावतसर में वर्तमान मंडी की तर्ज पर एक नए मंडी यार्ड की स्थापना करवाई जाए। इससे किसानों को अपनी फसल बेचने में सुविधा मिलेगी, मजदूरों को पर्याप्त रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे और व्यापारियों को भी व्यवस्थित स्थान उपलब्ध हो सकेगा। साथ ही व्यापारियों को बैठने के लिए अपनी जगह मिलने से हर वर्ष लाखों रुपये के किराए के खर्च से भी राहत मिल सकेगी। व्यापार मंडल प्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि किसानों, मजदूरों और व्यापारियों के प्रति मुख्यमंत्री के संवेदनशील दृष्टिकोण को देखते हुए रावतसर क्षेत्र को जल्द ही नई मंडी की सौगात मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए प्रदेश के विकास और क्षेत्र की खुशहाली की भी उम्मीद जताई।
