हनुमानगढ़। मेरा युवा भारत केन्द्र एवं स्वीप सेल के तत्वावधान में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर नागरिकों को मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 25 जनवरी, रविवार को पदयात्रा एवं साइकिल रैली का आयोजन किया जाएगा। स्वीप सेल के नोडल अधिकारी ओपी बिश्नोई ने बताया कि इस रैली को राजीव गांधी खेल स्टेडियम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा और इसका समापन कलक्ट्रेट परिसर में होगा। समापन स्थल पर सभी प्रतिभागियों को मतदान करने की शपथ दिलाई जाएगी। मेरा युवा भारत से जिला युवा अधिकारी रीना केसरिया ने बताया कि इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी तथा नए मतदाताओं को सम्मानित भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जमीनी स्तर पर लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना है। मतदाता जागरूकता को शारीरिक फिटनेस और सामुदायिक सहभागिता से जोड़ते हुए यह पहल राष्ट्रीय मतदाता दिवस को युवाओं के नेतृत्व में एक जीवंत जन आंदोलन का रूप देने का प्रयास करेगी। इस मौके पर आयोजित गतिविधियों में पदयात्रा, साइकिल रैली, पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं का अभिनंदन, मतदाता जागरूकता संवाद, शपथ ग्रहण समारोह एवं जनसंपर्क कार्यक्रम शामिल होंगे। मेरा युवा भारत केन्द्र एवं जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026 में सक्रिय रूप से हिस्सा लेने तथा भारत के लोकतांत्रिक ताने-बाने को सशक्त बनाने में अपना सार्थक योगदान देने की अपील की है।
