हनुमानगढ़। राष्ट्रीय युवक परिषद हनुमानगढ़ के तत्वावधान में रविवार को गौशाला हनुमानगढ़ जंक्शन में सेवा एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान परिषद सदस्यों ने गौमाता को 120 किलो हरा चारा खिलाकर गौसेवा की तथा चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बीके चावला का शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक आनंद मोहन, आयुर्वेद विभाग के संयुक्त निदेशक तीर्थराज शर्मा, एसबीआई के प्रबंधक मदन मोहन शर्मा, पंजाब नेशनल बैंक के पूर्व प्रबंधक राजपाल नोखवाल, समाजसेवी सुमन चावला तथा भंवर सिंह जोड़किया रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद के जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने की। इस अवसर पर अतिथियों ने गौसेवा को भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण अंग बताते हुए कहा कि गौमाता की सेवा से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने परिषद द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए युवाओं से ऐसे सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान संगीतकार छोटेलाल सारवान, शंकर सैनी और किशोरी ने गौमाता पर आधारित भजनों एवं गीतों की प्रस्तुति दी, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। अंत में परिषद पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी सामाजिक एवं सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया। इस मौके पर अवतार सिंह सिद्धू, महेन्द्र सिंह, गुरवीर सिंह, रामलाल कांवलिया, पवन सोनी, कुरड़ाराम, साहिल, रामकरण वर्मा, सुभाष शर्मा, अनिल पोटलिया, रामचन्द्र, रमेश पंचारिया, महेन्द्र स्वामी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
