हनुमानगढ़। बाबा रामदेव की दशमी एवं गंगा दशहरा के अवसर पर सोमवार को जंक्शन स्थित रेलवे ओवरब्रिज के नीचे श्री बाबा रामदेव मंदिर सेवा समिति के सेवादारों की ओर से ठंडे मीठे एवं नमकीन पानी की छबील लगाई गई। इस दौरान राहगीरों एवं आमजन को मान-मनुहार कर ठंडा जल पिलाया गया और भीषण गर्मी में राहत पहुंचाई गई। छबील स्थल पर लोगों की आवाजाही बनी रही तथा बड़ी संख्या में राहगीरों ने जल सेवा का लाभ लिया। सेवादारों ने बताया कि बाबा रामदेव जन-जन के आराध्य देव हैं और उन्होंने सदैव समाज कल्याण के कार्यांे को महत्व दिया। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए समिति के सदस्य भी समाज सेवा और जनकल्याण के कार्यांे के लिए संकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में प्यासे लोगों को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है और इस तरह के सेवा कार्य आगे भी जारी रहेंगे।
