हनुमानगढ़। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के खाद्य सुरक्षा दल ने मंगलवार को जिला कलक्ट्रेट के सामने संचालित एक रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया और समोसे के सैंपल लिए। यह कार्रवाई मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा के नेतृत्व में की गई। सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने बताया कि जिला कलक्ट्रेट के सामने स्थित इस रेस्टोरेंट में समोसे, फास्ट फूड सहित विभिन्न खाद्य पदार्थांे का निर्माण और विक्रय किया जाता है। गर्मी के मौसम को देखते हुए खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच के लिए यह निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान टीम ने यह देखा कि खाद्य सामग्री तैयार करने में किस प्रकार के तेल का उपयोग किया जा रहा है तथा ग्राहकों को परोसी जा रही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता कैसी है। जांच के दौरान समोसे का सैंपल लेकर प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजा गया। सीएमएचओ ने बताया कि आमजन के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए गर्मी के मौसम में खाद्य पदार्थांे की सैंपलिंग और निरीक्षण की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी, ताकि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्या उत्पन्न न हो।
