हनुमानगढ़। दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलनरत छात्र-छात्राओं पर हुए कथित लाठीचार्ज और बर्बरतापूर्ण व्यवहार के विरोध में शनिवार को टाउन स्थित राजकीय नेहरू मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रोहित जावा ने कहा कि आंदोलनरत छात्र-छात्राएं केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मंेद्र प्रधान के इस्तीफे तथा नीट परीक्षा में कथित रूप से असफल होकर आत्महत्या करने वाले परीक्षार्थियों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना था कि लाखों युवाओं ने अपने जीवन के महत्वपूर्ण वर्ष इस परीक्षा की तैयारी में लगाए हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं और मांगों की अनदेखी कर रही है। रोहित जावा ने आरोप लगाया कि छात्र अपनी मांगों को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन उनके साथ बल प्रयोग किया गया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताते हुए इसकी निंदा की। उन्होंने जिले के युवाओं से आह्वान किया कि वे जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर छात्र-छात्राओं की आवाज को मजबूती दें, ताकि देशभर के युवाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा की जा सके।
