हनुमानगढ़। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के ओएसडी एवं राजस्थान कुश्ती संघ के प्रदेशाध्यक्ष राजीव दत्ता का गुरुवार को एक दिवसीय हनुमानगढ़ दौरे के दौरान श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय में भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया। विश्वविद्यालय परिसर में आर्मी बैंड, स्काउट परेड, घोड़ों और ध्वजों के साथ पारंपरिक स्वागत हुआ। शिष्टाचार भेंट के दौरान श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा, यूनिवर्सिटी चेयरपर्सन एवं इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी चेयरमैन दिनेश जुनेजा तथा रिटायर्ड आईजी गिरीश चावला ने राजीव दत्ता को पगड़ी, मोती माला, पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए राजीव दत्ता ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं खेल गतिविधियों के साथ हाल ही में आयोजित विशाल कृषि मेले की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों और खिलाड़ियों से खेल स्पर्धाओं में अधिक से अधिक भागीदारी का आह्वान करते हुए कहा कि खेल जीवन का अभिन्न अंग हैं। प्रतिस्पर्धा से व्यक्ति में अनुशासन, समय-प्रबंधन, धैर्य और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है, जो संतुलित जीवनशैली का आधार है। उन्होंने कहा कि खेलों से टीम भावना, आपसी सहयोग और सौहार्द बढ़ता है, जिसका सकारात्मक प्रभाव कार्यस्थल की कार्यकुशलता पर भी पड़ता है। युवाओं को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि नियमित खेल गतिविधियों से आत्मविश्वास बढ़ता है और चुनौतियों से निपटने की क्षमता विकसित होती है। कुश्ती पर विचार रखते हुए दत्ता ने कहा कि यह भारत की प्राचीन खेल परंपरा का अहम हिस्सा है और अब समय है कि राजस्थान को भी हरियाणा जैसी पहचान दिलाई जाए। राज्य के होनहार पहलवानों को आधुनिक अखाड़े, प्रशिक्षण केंद्र और कुश्ती हॉल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें। इस अवसर पर ट्रस्ट अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने राजीव दत्ता का परिचय देते हुए बताया कि वे वर्ष 2003 बैच के आरपीएस अधिकारी हैं और लंबे समय तक आबकारी विभाग में सेवाएं दे चुके हैं। वर्ष 2019 में ओम बिरला के लोकसभा अध्यक्ष बनने के बाद उन्हें ओएसडी की जिम्मेदारी सौंपी गई, जिसे दूसरी बार भी जारी रखा गया। उनके नेतृत्व में राजस्थान कुश्ती संघ निरंतर सफलता की ओर अग्रसर है। दौरे के दौरान राजीव दत्ता ने विश्वविद्यालय परिसर स्थित ऑर्गेनिक शहद प्रोसेसिंग यूनिट, श्री खुशाल दास मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, वागभट्ट वैलनेस आयुष हॉस्पिटल, एग्रीकल्चर डिपार्टमेंट तथा गुड डे डिफेंस सैनिक स्कूल का भी अवलोकन किया। कार्यक्रम में भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील गोदारा, सुरेंद्र सिंह शेखावत, डबलीराठान सरपंच जगतार सिंह बराड़, समाजसेवी अशोक गाबा, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव रामनिवास मांडण, सदस्य भारतेंदु सैनी, एडवोकेट नितिन छाबड़ा सहित गणमान्य नागरिक, विद्यार्थी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।
