– 70 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, तीन प्रतिभागियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन; विधानसभा में रखेंगे अपने विचार
हनुमानगढ़। टाउन स्थित नेहरू मेमोरियल विधि महाविद्यालय में बुधवार को विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के अंतर्गत माय भारत के माध्यम से जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ विषय पर पक्ष और विपक्ष में अपने विचार रखते हुए चुनाव व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सीताराम की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में करीब 70 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को विषय पर अपने विचार रखने के लिए तीन मिनट का समय दिया गया। कार्यक्रम में पांच निर्णायकों की भूमिका रही। भाषण प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर तीन विद्यार्थियों का राज्य स्तर के लिए चयन किया गया। ये विद्यार्थी राज्य विधानसभा में ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। महाविद्यालय के सहायक प्रोफेसर डॉ. बृजेश अग्रवाल ने विषय पर विचार रखते हुए कहा कि पिछले करीब 20-25 वर्षों से देश में सरकारें लगातार चुनावी मोड में रहती हैं। बार-बार चुनाव और आचार संहिता लागू होने से विकास कार्य प्रभावित होते हैं तथा प्रशासनिक मशीनरी चुनावी व्यवस्थाओं में व्यस्त हो जाती है। वन नेशन, वन इलेक्शन का उद्देश्य लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ करवाना है, जिससे चुनावों पर होने वाले वित्तीय भार को कम किया जा सके और प्रशासनिक व्यवस्था बार-बार चुनावी प्रक्रिया में न उलझे। इससे विकास कार्यों को निरंतर गति मिल सकेगी। माय भारत की जिला युवा अधिकारी प्रीति ने बताया कि यह आयोजन विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के तहत किया गया है, जिसे पहले राष्ट्रीय युवा उत्सव के नाम से जाना जाता था। इस कार्यक्रम के अंतर्गत छह अलग-अलग ट्रैक निर्धारित किए गए हैं, जिनमें विकसित भारत युवा संसद भी शामिल है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में जिले में विकसित भारत कल्चरल ट्रैक का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें ग्रुप सॉन्ग, ग्रुप डांस, नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग और पोएट्री सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था, चुनाव प्रक्रिया और राष्ट्रीय मुद्दों पर अपने विचार व्यक्त करने का अवसर मिला।
