
हनुमानगढ़। दिव्यांग एवं जनकल्याण सेवा समिति की ओर से वृद्धजनों को वॉकिंग स्टिक व वरिष्ठ नागरिक रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड वितरण एवं आवेदन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन गांव पक्कासहारणा के भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केन्द्र में किया गया। इस मौके पर समिति अध्यक्ष हरबंस लाल सहारण ने वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों के बारे में जानकारी देते हुए युवाओं को अपने बुजुर्ग मां-बाप की सेवा करने एवं बुढ़ापे में सहारा बनकर उनकी ओर से बताए हुए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। वहीं समिति की ओर से राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के सहयोग से स्थानीय क्षेत्र के 25 वृद्धजनों/वरिष्ठ नागरिकों को रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड का लाभ प्रदान करते हुए ज्यादा से ज्यादा राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की बस में यात्रा कर के लिए प्रेरित किया गया। समिति की ओर से 80 वर्ष से अधिक उम्र के एक वृद्धजन को चलने-फिरने में मदद के लिए वॉकिंग स्टिक प्रदान की गई। वहीं विभिन्न श्रेणी के रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड से वंचितों को लाभ दिलाने के लिए मौके पर ही आवश्यक कागजी कार्रवाई को पूर्ण करते हुए विभिन्न श्रेणी के 35 आवेदन लेकर ऑनलाइन करते हुए निगम की पास शाखा को प्रेषित किए गए जिनका आगामी दिनों में लाभ दिलवाया जाएगा। हरबंस लाल सहारण ने बताया कि राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की ओर से निगम की बसों में राजस्थान की सीमा तक यात्रा करने पर 80 वर्ष या इससे अधिक उम्र के पुरुष एवं महिला वृद्धजनों को किराये में शत प्रतिशत व सहयोगी को पचास प्रतिशत एवं वरिष्ठ नागरिक पुरुष एवं महिलाओं को किराए में पचास प्रतिशत तथा दिव्यांगों को किराए में शत प्रतिशत सहित अन्य श्रेणी में विभिन्न प्रकार की छूट प्रदान की जाती है। पक्कासहारणा पंचायत प्रशासक प्रतिनिधि त्रिलोक सहारण एवं समाज कल्याण विभाग छात्रावास पक्कासहारणा अधीक्षक प्रेम कुमावत की ओर से वृद्धजन को वॉकिंग स्टिक एवं वरिष्ठ नागरिकों को रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड का वितरण कर निगम की बसों में यात्रा करते हुए तीर्थ यात्रा सहित केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। इस मौके पर ग्राम विकास अधिकारी अरुण कुमार, प्रधानाचार्य नरेश ढाका, विनोद सहारण, अध्यापिका प्रवीण कौर, यूथ कांग्रेस मंडल अध्यक्ष योगेश चौहान, तेजाराम, रतनलाल, कृपाल एवं सुखराम मौजूद रहे।
