
हनुमानगढ़। किसान नेता एवं सहकारी समिति हरिपुरा के पूर्व निदेशक बलकौर सिंह ढिल्लों ने संगरिया से भगतपुरा, ढाबां पुलिस चौकी, दीनगढ़ होते हुए हरिपुरा तक जाने वाले मुख्य सड़क मार्ग पर खड़े सूखे एवं जर्जर पेड़ों को हटाने की मांग को लेकर जिला कलक्टर को पत्र सौंपा। ढिल्लों ने बताया कि उक्त मार्ग पर सड़क के दोनों ओर खड़े सूखे पेड़ आमजन व वाहन चालकों के लिए खतरा बने हुए हैं। आंधी-तूफान के दौरान इन पेड़ों के गिरने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने सड़क सुरक्षा की दृष्टि से इन पेड़ों को चिन्हित कर हटाने तथा आवश्यक स्थानों पर रिफ्लेक्टर लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह मामला क्षेत्रवासियों की सुरक्षा से जुड़ा है और प्रशासन को शीघ्र इस पर कार्रवाई करनी चाहिए।
