– बाइपास रोड पर हादसा, टक्कर मारने वाला बाइक चालक फरार, पुलिस ने दर्ज किया मामला
हनुमानगढ़। जंक्शन में बाइपास रोड पर तेज गति एवं लापरवाही से गलत साइड में आ रही मोटर साइकिल के चालक ने पिता-पुत्र की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पिता के सिर में गंभीर चोट लगी, जबकि उसके पुत्र को हाथ एवं कूल्हे के पास चोटें आईं। गंभीर घायल पिता को हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी बाइक चालक मौके से फरार हो गया। जंक्शन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस को दी रिपोर्ट में कालूराम (40) पुत्र ताराचंद वाल्मीकि निवासी वार्ड नंबर 4, मम्मड़खेड़ा जिला श्रीगंगानगर ने बताया कि 15 सितंबर को सुबह करीब 11.30 बजे उसका भाई बद्रीप्रसाद (38) पुत्र ताराचंद एवं भतीजा दीपक उर्फ दीपू पुत्र बद्रीप्रसाद निवासी सालीवाला तहसील टिब्बी मोटर साइकिल पर बाइपास रोड जंक्शन से मम्मड़खेड़ा गांव की ओर जा रहे थे। रिपोर्ट के अनुसार बेबी हैप्पी कॉलेज बाइपास रोड के पास साइड से आ रही एक अन्य मोटर साइकिल के चालक ने तेज गति एवं लापरवाही से गलत साइड में वाहन चलाते हुए उनकी मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर से बद्रीप्रसाद के सिर में गंभीर चोट लगी, जबकि दीपक के हाथ और कूल्हे के पास चोटें आईं। टक्कर मारने के बाद आरोपी बाइक चालक मौके से फरार हो गया। आसपास से गुजर रहे लोगों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय, टाउन पहुंचाया। बद्रीप्रसाद की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मृतक का शव राजकीय चिकित्सालय, टाउन की मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मोटर साइकिल चालक के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच सुरेशिया पुलिस चौकी के हेड कांस्टेबल विजय सिंह को सौंपी है। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंपने की कार्रवाई कर आरोपी वाहन चालक की तलाश प्रारंभ कर दी है।
