– घर में घुसकर धमकाने व ईंटें फेंकने का आरोप, अवैध निर्माण बंद कराने की मांग को लेकर जिला कलक्टर को भी सौंपा ज्ञापन
हनुमानगढ़। टाउन की मीरा विहार कॉलोनी, वार्ड नंबर 36 में बुधवार रात कुछ लोगों द्वारा हुड़दंग करने और एक व्यक्ति के घर में घुसकर धमकी देने तथा ईंटें फेंकने के आरोप से मोहल्लेवासियों में रोष है। घटना के विरोध में गुरुवार को आक्रोशित मोहल्लेवासियों ने बजरंग दल के जिला संयोजक सुनील चाहर के नेतृत्व में टाउन पुलिस थाने के समक्ष नारेबाजी कर विरोध जताया और मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की। इसके बाद मोहल्लेवासियों ने जिला कलक्टर को भी शिकायत दी। मीरा विहार कॉलोनी निवासी अमित कुमार ने बताया कि कॉलोनी में एक स्थान पर अवैध निर्माण का आरोप लगाते हुए करीब एक वर्ष पहले भी मोहल्लेवासियों ने विरोध किया था। उस समय निर्माण कार्य बंद कर दिया गया था, लेकिन अब बंद दरवाजे के पीछे से दोबारा काम चलने का आरोप है। अमित कुमार के अनुसार बुधवार रात निर्माण कार्य में लगे एक मजदूर ने छत पर चढ़कर उनकी ओर ईंटें फेंकी। उन्होंने बताया कि गनीमत रही कि उस समय छत पर बच्चे या अन्य लोग मौजूद नहीं थे, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने संबंधित व्यक्ति के पास ऐसी सामग्री होने का भी आरोप लगाया, जो उनके अनुसार आम मजदूर के पास नहीं होनी चाहिए। मोहल्लेवासियों का आरोप है कि जब संबंधित स्थान पर प्लॉट लिया गया था, तब यहां मकान बनाने की बात कही गई थी। बाद में छत डलने के बाद बच्चों को पढ़ाने के लिए मदरसा बनाने की बात कही गई, लेकिन इसके बाद धीरे-धीरे गेट बंद कर अंदर मस्जिद बनाए जाने का आरोप है। उनका कहना है कि सुबह-शाम यहां लोगों की आवाजाही रहती है, जिससे मोहल्लेवासी परेशान हैं। मोहल्लेवासियों ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच करवाने, कथित अवैध निर्माण पर रोक लगाने तथा बुधवार रात हुई घटना में कार्रवाई करने की मांग की है।
