- अमित सहू बोले-जनता अपनी समस्याओं के समाधान के लिए करे मतदान; जल निकासी सहित विकास कार्य होंगे प्राथमिकता
हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव को लेकर वार्ड नंबर 29 में भारतीय जनता पार्टी का चुनाव प्रचार तेज हो गया है। भाजपा प्रत्याशी सुमित्रा राबिया के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन मंगलवार को भाजपा युवा नेता अमित सहू ने किया। इस दौरान आयोजित सभा में पार्टी कार्यकर्ताओं और वार्डवासियों ने भाग लिया। सभा को संबोधित करते हुए अमित सहू ने कहा कि जनता को सही दिशा में मेहनत करने की आवश्यकता है।

उन्होंने वार्डवासियों से आह्वान किया कि उनकी जो समस्याएं हैं, उनके समाधान को ध्यान में रखते हुए मतदान करें। उन्होंने दावा किया कि नगर परिषद हनुमानगढ़ में भाजपा का बोर्ड बनने जा रहा है। इसमें वार्ड नंबर 29 की जनता भी भाजपा के पक्ष में मतदान कर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।
जल निकासी की समस्या सबसे बड़ी चुनौती
सभा में आत्माराम राबिया ने कहा कि भाजपा नेतृत्व ने सुमित्रा राबिया को प्रत्याशी बनाकर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर 29 में बरसाती पानी की निकासी सबसे बड़ी समस्या है। मामूली बारिश में भी पानी की निकासी नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने पर नालियों और सड़कों का निर्माण, स्कूल की चारदीवारी, खेल मैदान की चारदीवारी तथा खेल मैदान में जिम जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्राथमिकता में रहेगा।
कोहला में करवाए विकास कार्यों का दिया हवाला
आत्माराम राबिया ने बताया कि उनकी पत्नी सुमित्रा राबिया पूर्व में ग्राम पंचायत कोहला की सरपंच रह चुकी हैं।

उनके कार्यकाल में गांव में कई विकास कार्य करवाए गए। अब कोहला के नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 29 में शामिल होने के बाद जो कार्य शेष रह गए हैं, उन्हें भी प्राथमिकता से पूरा करवाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने वार्डवासियों से भाजपा प्रत्याशी सुमित्रा राबिया के पक्ष में मतदान कर उन्हें विजयी बनाने की अपील की।
