हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव में वार्ड नंबर 57 से भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी ने उनके वार्ड के डाक मतपत्रों और ईवीएम में पड़े मतों की गणना सही तरीके से नहीं करने का आरोप लगाया है। मंगलवार को वार्डवासियों ने प्रत्याशी वन्दना गौतम और उनके पति विकास शर्मा के नेतृत्व में अतिरिक्त जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक को अलग-अलग ज्ञापन सौंपकर मतगणना में अनियमितता और महिला प्रत्याशी के साथ अभद्र व्यवहार, धमकी व पथराव के मामले में कार्रवाई की मांग की। वार्ड नंबर 57 से भाजपा प्रत्याशी रही वन्दना गौतम ने आरोप लगाया कि भाग संख्या 1 व 2 में डाक मतपत्रों और ईवीएम में पड़े मतों की गणना सही तरीके से नहीं की गई। उन्होंने दावा किया कि मतगणना के बाद निर्वाचक अभिकर्ताओं के हस्ताक्षर भी नहीं करवाए गए। रिकाउंटिंग की अपील किए जाने के बावजूद दोबारा मतगणना नहीं करवाई गई। उन्होंने मामले की जांच करवाकर मतों की पुनर्गणना कराने की मांग की। वहीं पुलिस अधीक्षक को सौंपे ज्ञापन में वन्दना गौतम ने आरोप लगाया कि 10 सितंबर की रात करीब 9.30 बजे आईएसडीपी कॉलोनी, पुलिस लाइन के पीछे वार्ड नंबर 57 में रोहित कुक्कड़ पुत्र जसवन्त कुक्कड़ निवासी वार्ड 56, कन्हैया निवासी वार्ड 57, अजय कुमार पुत्र श्रवणराम निवासी वार्ड 57, सलीम मिरासी निवासी वार्ड 57, किशन पुत्र श्रवणराम निवासी वार्ड 57 व कुछ अन्य लोगों ने उनकी कार रुकवाकर उनके साथ मौजूद महिलाओं से अभद्र व्यवहार और गाली-गलौच की। कार पर पत्थर व डंडे मारे गए तथा कार के शीशे पर मुक्का मारा गया। अपहरण और जान से मारने की धमकी भी दी। वन्दना गौतम के अनुसार घटना के दौरान डीएसपी मीनाक्षी की गाड़ी भी मौके पर पहुंची थी और घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग उनके पास मौजूद है। उन्होंने स्वयं, अपने पति और परिवार को जान-माल का खतरा बताते हुए नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। विकास शर्मा ने बताया कि वार्डवासियों की मांग है कि चुनाव से संबंधित शिकायत की निष्पक्ष जांच कर मतगणना प्रक्रिया की सत्यता सामने लाई जाए तथा घटना में शामिल लोगों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
