– गंदे पानी, नालियों की सफाई और स्ट्रीट लाइट की समस्याओं के समाधान का वादा, बोले- वंचित मकानों के पट्टे बनवाना भी प्राथमिकता
हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव को लेकर वार्ड नंबर 60 में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी दिनेश पाल ने मंगलवार को समर्थकों के साथ वार्ड में घर-घर जाकर मतदाताओं से मुलाकात की और अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की। जनसंपर्क के दौरान दिनेश पाल ने कहा कि वे वार्ड की मूलभूत समस्याओं को लेकर चुनाव मैदान में उतरे हैं। उन्होंने बताया कि वार्ड में सबसे बड़ी समस्या गंदे पानी की निकासी की है। लंबे समय से नालियां अवरुद्ध पड़ी हैं, जिसके कारण गंदा पानी जमा रहता है और बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि वार्ड में सफाई व्यवस्था को लेकर भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि नालियों की सफाई के लिए कर्मचारी नियमित रूप से वार्ड में नहीं पहुंचते। यदि जनता ने उन्हें पार्षद चुना तो साफ-सफाई, जल निकासी और स्ट्रीट लाइट सहित मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। दिनेश पाल ने वार्ड में कई मकानों के पट्टे नहीं बनने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि पूर्व में इस समस्या के समाधान की दिशा में पर्याप्त प्रयास नहीं हुए, जिसके कारण कई लोगों की फाइलें पूरी नहीं हो सकीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि पार्षद चुने जाने पर पात्र एवं वंचित लोगों के मकानों के पट्टे बनवाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वे पूर्व में भी वार्डवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने में सहयोग करते रहे हैं और आगे भी वार्ड के हित में काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। अंत में उन्होंने मतदाताओं से चुनाव में अपने पक्ष में मतदान कर सहयोग एवं समर्थन देने की अपील की।
