हनुमानगढ़। टाउन के पंजाबी मोहल्ला स्थित गुरुतेग बहादुर पब्लिक स्कूल में बुधवार को पृथ्वी दिवस मनाया गया। इस मौके पर विद्यालय की ओर से पृथ्वी संरक्षण का संदेश देने के लिए जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को वार्ड के पूर्व पार्षद प्रदीप एरी एवं यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिंदा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, पृथ्वी बचाओ, पेड़ लगाओ जैसे संदेशों वाली तख्तियां लेकर नारे लगाए। जागरूकता रैली स्कूल से प्रारंभ होकर पंजाबी मोहल्ला, शिला माता मंदिर, गुरुद्वारा शहीद बाबा सुखा सिंह शहीद बाबा मेहताब सिंह, यातायात शाखा, पुराना अस्पताल होते हुए हिसारिया चौक पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान आमजन ने भी विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विद्यार्थियों को पृथ्वी दिवस के महत्व, पर्यावरण संतुलन, जल संरक्षण एवं वृक्षारोपण के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पृथ्वी हमारी मां के समान है और इसकी रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस मौके पर निदेशक बलकरण सिंह ने यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिंदा को राजस्थान सरकार की ओर से उत्कृष्ट सेवा पदक मिलने पर पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। रैली के पश्चात विद्यालय में पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया तथा पार्क में पौधारोपण किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यापक गुरविंद्र सिंह, गीता मिड्ढा, सुरेंद्र कुमार, उपासना, नीतू, प्रीति पारीक, हरप्रीत कौर सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।
