– भाजपा जिलाध्यक्ष बोले- ढाई साल में कांग्रेस सरकार के पांच साल से तीन गुना विकास कार्य, जनहित में काम कर रही सरकार
हनुमानगढ़। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने कहा है कि राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारा गया है। उन्होंने दावा किया कि पिछले ढाई वर्षों में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के पांच वर्षों की तुलना में तीन गुना अधिक विकास कार्य हुए हैं। हनुमानगढ़ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान डेलू ने भाजपा सरकार होने के बावजूद पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन किए जाने संबंधी सवाल पर कहा कि सरकार हर वर्ग के लिए कार्य कर रही है। यदि कहीं किसी अधिकारी के स्तर पर कोई चूक होती है तो वह व्यक्तिगत स्तर की बात होती है। ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारियों से लगातार संवाद कर समस्याओं का समाधान करने और कमियों को दूर करने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद राजस्थान सरकार विकास कार्यों को गति दे रही है और प्रदेश को नई दिशा देने का काम कर रही है। सरकार की प्राथमिकता आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर डेलू ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों का प्रभाव ईंधन कीमतों पर पड़ा है। उन्होंने कहा कि भारत की तुलना में कई पड़ोसी देशों में पेट्रोल-डीजल की कीमतें डेढ़ से दो गुना अधिक हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शिता और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रयासों से आमजन पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ने दिया गया तथा कीमतों में वृद्धि को न्यूनतम रखने का प्रयास किया गया है। डेलू ने कहा कि विपक्ष द्वारा ईंधन कीमतों में भारी बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन सरकार के प्रभावी प्रबंधन के कारण ऐसी स्थिति नहीं बनी। इससे विपक्ष को मुद्दा बनाने का अवसर नहीं मिला। सरकार के एक मंत्री द्वारा पुलिसकर्मी को कथित रूप से अपशब्द कहे जाने के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि वह इस विषय पर कोई टिप्पणी करना उचित नहीं समझते। हालांकि उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने, अधिकारियों से संवाद करने और कमियों को दूर करने का कार्य जनप्रतिनिधियों और मंत्रियों की जिम्मेदारी का हिस्सा होता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से ईंधन बचाने की अपील पर डेलू ने कहा कि प्रधानमंत्री सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर हमेशा अग्रणी भूमिका निभाते रहे हैं। उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने स्वयं झाड़ू उठाकर स्वच्छता का संदेश दिया था, जिसका व्यापक प्रभाव देशभर में देखने को मिला। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ईंधन और बिजली की बचत राष्ट्रीय आवश्यकता है। इसी दूरदर्शी सोच के तहत प्रधानमंत्री ने ईंधन बचाने का आह्वान किया है। उनके अनुसार प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और मुख्यमंत्री सहित कई जनप्रतिनिधियों ने अपने काफिलों में वाहनों की संख्या कम कर इस पहल की शुरुआत की है। भाजपा कार्यकर्ता भी इस अभियान को अपनाकर आमजन को जागरूक करने का कार्य करेंगे, जिससे ऊर्जा संरक्षण का संदेश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
