– श्री खुशाल दास विशेष शिक्षा विद्यालय के बच्चों ने अपनी मेहनत और रचनात्मकता से तैयार किए दीपक, 150 दिव्यांग बच्चों को दी जा रही नि:शुल्क शिक्षा
हनुमानगढ़। दीपावली के त्योहार पर श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से संचालित श्री खुशाल दास विशेष शिक्षा विद्यालय के विशेष बच्चों ने अपनी मेहनत और रचनात्मकता से तैयार किए दीपक सोमवार को प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों को भेंट किए। बच्चों ने जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य सहित अन्य अधिकारियों को दीपक भेंट कर दीपावली की खुशियां साझा कीं। बच्चों की इस पहल ने उनकी प्रतिभा, हुनर और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को प्रदर्शित किया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक पुरुषोत्तम ने बताया कि श्री खुशाल दास विशेष शिक्षा विद्यालय में कक्षा एक से आठ तक की पढ़ाई करवाई जाती है। यहां सभी प्रकार की दिव्यांगता वाले बच्चों को शिक्षा प्रदान की जाती है। इनमें दृष्टिबाधित, मूकबधिर और मानसिक विमंदित सहित 21 प्रकार की दिव्यांगता वाले बच्चे शामिल हैं। वर्तमान में विद्यालय में करीब 150 दिव्यांग बच्चे अध्ययनरत हैं। ट्रस्ट की ओर से इन बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि विद्यालय के कक्षा पांच और आठ के विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षाओं में अच्छे अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। बच्चों को उनकी आवश्यकताओं के अनुसार ब्रेल लिपि, सांकेतिक भाषा (साइन लैंग्वेज) और विभिन्न शैक्षणिक उपकरणों की मदद से पढ़ाया जाता है, ताकि वे बेहतर ढंग से सीख सकें और अपनी क्षमताओं का विकास कर सकें।
दिव्यांग बच्चों को आत्मनिर्भर बनाना संस्था का ध्येय
प्रधानाध्यापक पुरुषोत्तम ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य हनुमानगढ़ क्षेत्र के दिव्यांग बच्चों को स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाना तथा उनका रचनात्मक विकास करना है। इसके लिए बच्चों को शिक्षा के साथ विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के अवसर दिए जाते हैं। दीपावली पर अपने हाथों से दीपक तैयार करना भी इसी प्रयास का हिस्सा है, जिससे बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर मिलता है। विद्यालय और ट्रस्ट की ओर से दिव्यांग बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि वे शिक्षा प्राप्त कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें और भविष्य में आत्मनिर्भर जीवन जी सकें।
