हनुमानगढ़। श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरीटेबल ट्रस्ट की ओर से संचालित श्री खुशाल दास विशेष शिक्षा विद्यालय के विशेष बच्चों ने रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में बुधवार को जिला प्रशासन के अधिकारियों की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का संदेश दिया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, उपखंड अधिकारी रवि कुमार सहित अन्य अधिकारियों को राखी बांधी। अधिकारियों ने भी बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें स्नेह व शुभकामनाएं दीं। विद्यालय के प्रधानाचार्य पुरुषोत्तम सोनी ने बताया कि विद्यालय में वर्तमान में करीब 150 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।

इनमें दृष्टिबाधित, मूक-बधिर, दिव्यांग एवं मानसिक विमंदित बच्चे शामिल हैं। विद्यार्थी कक्षा एक से आठवीं तक अध्ययन कर रहे हैं। शिक्षा के साथ बच्चों को वोकेशनल प्रशिक्षण के तहत राखी निर्माण, दीपकों पर रंग करने सहित विभिन्न रचनात्मक कार्य भी सिखाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट की ओर से विशेष बच्चों को प्रवेश, ड्रेस, पुस्तकें और आवागमन सहित विभिन्न सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध करवाई जा रही हैं। रक्षाबंधन पर प्रशासनिक अधिकारियों को बच्चों से राखी बंधवाने का उद्देश्य समाज से अपेक्षाकृत पीछे रह गए इन बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ना और उनके भीतर आत्मविश्वास, रचनात्मकता व स्वावलंबन की भावना विकसित करना है।
