हनुमानगढ़। यातायात पुलिस ने सोमवार को जंक्शन में संगरिया रोड पर जांच के दौरान एक व्यक्ति को शराब का सेवन कर टेंपो में सवारियों का परिवहन करते पकड़ा। टीम ने टेंपो सीज करने की कार्यवाही की। यह कार्रवाई नाका लगाकर वाहनों की जांच के दौरान की गई। यातायात थाना के एएसआई रामदयाल ने बताया कि बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस अधीक्षक व यातायात प्रभारी के निर्देशानुसार जिले में एक जनवरी से 31 जनवरी तक सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के दौरान सोमवार को संगरिया रोड स्थित गांव सतीपुरा के पास निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास एक टेंपो को रुकवाया तो उसे सोनू दास नामक व्यक्ति चला रहा था और टेंपो में कुछ सवारियां बैठी थीं। ब्रेथ एनालाइजर से जांच की तो सोनू दास के 165 एमएम मात्रा में शराब का सेवन किए होने की पुष्टि हुई। इस पर टेंपो को सीज करने की कार्रवाई की गई।
