हनुमानगढ़। पल्लू थाना क्षेत्र के मालासर गांव स्थित एक शराब ठेके पर हमला कर लाखों रुपए की नकदी और बड़ी मात्रा में शराब लूटने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पल्लू थाना पुलिस ने एक नामजद आरोपी सहित 4-5 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार लोकेन्द्र सिंह (30) पुत्र देवीसिंह राजपूत निवासी खारी तहसील लूणकरणसर जिला बीकानेर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी माता के नाम से ग्राम पंचायत मालासर में शराब का ठेका संचालित है। ठेके की देखरेख सेल्समैन सुरेन्द्र सिंह, जोग सिंह और महेन्द्र करते हैं। रिपोर्ट के अनुसार 9 जून की रात करीब 9.40 बजे दीपक आचार्य पुत्र छोटूराम निवासी गारबदेसर तहसील लूणकरणसर अपने 4-5 साथियों के साथ ठेके पर पहुंचा। आरोप है कि उन्होंने कहा कि उन्हें लोकेन्द्र सिंह से पैसों की वसूली करनी है। पैसों को लेकर विवाद के दौरान आरोपियों ने सेल्समैनों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा वहां से चले गए। शिकायतकर्ता ने बताया कि उस समय वह स्वयं ठेके पर मौजूद नहीं था। इसके बाद देर रात करीब 12 बजे आरोपी पुन: एक कैंपर वाहन और मोटर साइकिलों के साथ ठेके पर पहुंचे। उन्होंने ठेके के पास खड़ी एक स्विफ्ट कार को कैंपर से टक्कर मार दी और सेल्समैनों के पीछे वाहन दौड़ाया, जिससे वे जान बचाकर मौके से भाग गए। आरोपी ठेके से करीब 3 लाख 80 हजार रुपए नकद, 105 पेटी देसी शराब, 15 पेटी अंग्रेजी शराब तथा 30 पेटी बीयर लूटकर ले गए। इसके अलावा ठेके में लगे सीसीटीवी कैमरे और अन्य सामान में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी घटनास्थल पर एक मोटर साइकिल क्षतिग्रस्त अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस पूछताछ में परिवादी ने यह भी बताया कि मालासर शराब ठेके में दीपक आचार्य की साझेदारी होने की बात सामने आई है। पल्लू थाना पुलिस ने रिपोर्ट और प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक हेमराज को सौंपी गई है। पुलिस लूट, मारपीट और तोड़फोड़ की घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।
