हनुमानगढ़। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार यातायात पुलिस की ओर से जिले भर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में रविवार रात जिला मुख्यालय पर यातायात पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष कार्रवाई की। जांच के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते पाए जाने तथा बिना नम्बर के वाहन मिलने पर कुल 15 वाहनों को सीज किया गया। इनमें 11 मोटर साइकिल और 4 चौपहिया वाहन शामिल हैं। जब्त वाहनों में एक टैक्सी और एक टाटा एस वाहन भी शामिल है। शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिन्दा ने बताया कि वाहन चालकों को लगातार यातायात नियमों की पालना के लिए जागरूक किया जा रहा है। लोगों से शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, तेज गति से वाहन नहीं दौड़ाने तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की जा रही है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी है। बिना नम्बर के वाहनों, स्टंटबाजी करने वालों और अवैध लाइट लगाकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी अभियान चलाया जा रहा है। अनिल चिन्दा के अनुसार जनवरी 2026 से अब तक शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 215 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। वहीं दस्तावेजों के अभाव, बिना नम्बर वाले वाहन और पटाखा बुलेट सहित 296 वाहनों को सीज किया गया है। इन कार्रवाइयों से अब तक करीब 90 लाख रुपए का राजस्व भी प्राप्त हुआ है, जिसमें ई-चालान और जुर्माना राशि शामिल है। यातायात पुलिस ने आमजन से नियमों की पालना करने की अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा से ही स्वयं और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।
