हनुमानगढ़। गुड डे डिफेंस सैनिक स्कूल में दशहरा पर्व श्रद्धा, उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया गया। इसके बाद रावण के पुतले का दहन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को बुराई पर अच्छाई की जीत, सत्य के मार्ग पर चलने तथा भारतीय संस्कृति और परंपराओं के महत्व का संदेश दिया गया। श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि दशहरा पर्व सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। भगवान श्रीराम का जीवन आदर्शांे, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। विद्यार्थियों को उनके आदर्शांे को जीवन में अपनाकर अच्छे संस्कारों के साथ आगे बढ़ना चाहिए। संस्था के एमडी दिनेश कुमार जुनेजा ने कहा कि दशहरा केवल रावण दहन का पर्व नहीं, बल्कि अपने भीतर मौजूद अहंकार, क्रोध और नकारात्मक विचारों को समाप्त करने का संदेश भी देता है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों और अनुशासन को भी जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। संस्था के चेयरपर्सन वरुण यादव ने कहा कि भारतीय त्योहार सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी परंपराओं को समझने और उनमें निहित जीवन मूल्यों को आत्मसात करने का अवसर मिलता है। संस्था के डायरेक्टर विंग कमांडर जीडी शर्मा ने कहा कि शस्त्र पूजन साहस, कर्तव्य और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। विद्यार्थियों को अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने सभी को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दीं।
101 कन्याओं का पूजन कर नवरात्र महोत्सव का समापन
इससे पहले नौ दिवसीय नवरात्र महोत्सव का समापन 101 कन्याओं का विधि-विधान से पूजन और उन्हें भोजन करवाकर किया गया। इस दौरान कन्याओं के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई। आयोजन के माध्यम से भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के प्रति सम्मान का संदेश दिया गया। इस मौके पर संस्था के प्रशासक अनुराग छाबड़ा, एनडीए डायरेक्टर मनोज कुमार, प्रिंसिपल अनामिका गौड़, हॉस्टल डायरेक्टर एलपी जैन सहित संस्था के एनसीसी एवं अन्य सदस्य, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।
