हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय की ओर से छात्र कल्याण क्लब स्पंदन के अंतर्गत संचालित सद्भाव क्लब के संयोजन में मंगलवार को नोहर में गुरु-शिष्य सम्मान समारोह-2026 आयोजित किया गया। समारोह में बारहवीं कक्षा में 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 2000 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में श्री गुरु गोविंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता केवल अच्छे अंकों से नहीं, बल्कि अनुशासन, सकारात्मक सोच, उत्कृष्ट संस्कार और निरंतर परिश्रम से प्राप्त होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और कठिन परिस्थितियों में भी संघर्ष जारी रखने की प्रेरणा दी। विश्वविद्यालय के प्रबंध निदेशक दिनेश कुमार जुनेजा ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का सशक्त आधार है। मुख्य वक्ता एवं सेवानिवृत्त आईजी गिरीश चावला ने विद्यार्थियों को अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर सीखने की आदत विकसित करने का संदेश देते हुए कहा कि माता-पिता के संघर्ष, त्याग और मार्गदर्शन का सम्मान करना प्रत्येक विद्यार्थी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी समय के साथ स्वयं को अपडेट रखते हैं, वही प्रतिस्पर्धा के इस युग में सफलता प्राप्त करते हैं। समारोह में थाना प्रभारी अजय गिरधर, कर्नल ओपी सुमरा, राजाराम कस्वां, कृष्ण यादव, प्रताप सिंवर, प्रदीप पुरोहित, बजरंग कस्वां, सुरेन्द्र पूनिया, बलवीर सुथार, महावीर सिंवर, विनोद बेनीवाल, सुलतान सोलंकी, डॉ. गौतम स्वामी, राजेश गिला, मुकेश सहारण, अमर बेनीवाल, लीलूराम कस्वां, श्यामनाथ महाराज सहित अनेक शिक्षाविद्, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। समारोह के आयोजन में विश्वविद्यालय के कार्यकारी निदेशक विभूति नारायण, डॉ. विक्रम ओलख, डॉ. सुनील बिरट, डॉ. बाबूलाल पारीक, सहायक कुलसचिव योगेंद्र स्वामी, अरविंद धामू, राजन अरोड़ा, नवनीत शर्मा, प्रदीप चौहान, रचना चौधरी सहित विश्वविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों का योगदान रहा। कार्यक्रम का मंच संचालन अनिल जिज्ञासु एवं मदनलाल शर्मा ने किया।
