हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय के अधीनस्थ वाग्भट वेलनेस एवं आयुष हॉस्पिटल की ओर से शुक्रवार से सात दिवसीय मेगा नि:शुल्क आयुर्वेदिक व नेचुरोपैथी शिविर का शुभारम्भ हुआ। शिविर में कमर दर्द, घुटनों का दर्द, नसों में दबाव, माइग्रेन, एड़ी का दर्द, आंखों की समस्याओं की अक्षय दर्पण के माध्यम से जांच कर आयुर्वेदिक पद्धति से उपचार किया जा रहा है। इसके साथ ही पोटली, अभ्यंग, संवेदन बस्ती, शिरोधारा, जखुजी, कर्णपूरण, हॉट फुट बाथ, स्पाइनल बाथ, हिप बाथ सहित नेचुरोपैथी एवं फिजियोथेरेपी पद्धतियों से भी उपचार किया जा रहा है। शिविर के प्रथम दिन 50 मरीजों ने स्वास्थ्य लाभ लिया। शिविर के दौरान मरीजों को नि:शुल्क औषधीय जल एवं काढ़ा भी पिलाया गया। इस शिविर का लाभ जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के मरीज ले सकेंगे। प्रबंध निदेशक दिनेश जुनेजा ने कहा कि वाग्भट वेलनेस एवं आयुष हॉस्पिटल के माध्यम से ग्रामीण एवं दूर-दराज क्षेत्रों तक आयुर्वेद एवं नेचुरोपैथी चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। आधुनिक जीवनशैली के कारण बढ़ रही बीमारियों से बचाव के लिए प्राकृतिक चिकित्सा, संतुलित दिनचर्या एवं योग-आयुर्वेद को अपनाना समय की आवश्यकता है। मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्रुति वशीलू व हॉस्पिटल समन्वयक अनिल जांदू ने बताया कि अब जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को आयुर्वेद एवं नेचुरोपैथी पद्धति से इलाज की सुविधा हनुमानगढ़ में ही उपलब्ध होगी। इसके लिए अब हरिद्वार या अन्य दूर-दराज क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता नहीं रहेगी। शिविर का समय सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक रहेगा। शिविर के आयोजन में डॉ. साहिल ग्रोवर, डॉ. मीनाक्षी बिश्नोई, फिजियोथेरेपी विशेषज्ञ डॉ. नवजोत सिंह एवं प्रदीप शर्मा, थेरेपिस्ट अनुभव सैनी, सिया सैनी, गुरुदास, प्रेरणा, निखिल, आकाश, पूजा, विक्रम सहित अन्य स्टाफ का सहयोग रहा।
