हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन समारोह शुक्रवार को सम्पन्न हुआ। शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने सामाजिक सेवा, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई। समापन समारोह को संबोधित करते हुए श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने स्वयंसेवकों की ओर से किए गए कार्यांे की सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। एनएसएस छात्रा इकाई की समन्वयक डॉ. स्वाति ओझा ने स्वयंसेवकों के समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि एनएसएस युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रभावी मंच है। एनएसएस छात्र इकाई के समन्वयक मदन लाल शर्मा ने शिविर के दौरान आयोजित सात दिवसीय गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
