हनुमानगढ़। पंचायत राज चुनावों में मजबूती से उतरने और कांग्रेस के ‘लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के जवाब में भारतीय जनता पार्टी शुक्रवार, 30 अक्टूबर को जिला मुख्यालय पर दो किलोमीटर की लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा निकालेगी। पदयात्रा की तैयारियों को लेकर गुरुवार को भाजपा जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू की अध्यक्षता में शहरी कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पदयात्रा की रूपरेखा के साथ पंचायत राज चुनावों की रणनीति पर भी चर्चा की गई। बैठक में जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने कहा कि कांग्रेस ने देश में लोकतंत्र को लेकर झूठा नैरेटिव स्थापित करने का प्रयास किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में ही लोकतंत्र की हत्या हुई, इसके बावजूद कांग्रेस आज लोकतंत्र बचाने के नाम पर धरना-प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के इस कथित झूठ का जवाब देने के लिए जनता और भाजपा कार्यकर्ता तैयार हैं। डेलू ने बताया कि लोकतंत्र की रक्षा एवं अराजकता के विरोध में शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर दो किलोमीटर की पदयात्रा निकाली जाएगी। यह पदयात्रा टाउन स्थित सेंट्रल पार्क से सुबह 10 बजे शुरू होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पदयात्रा की तैयारियों में जुटने और कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक में पंचायत राज चुनावों को लेकर भी चर्चा की गई। पार्टी की रणनीति के अनुसार, कार्यकर्ता प्रत्येक गांव, पंचायत समिति क्षेत्र और जिला परिषद के वार्ड तक पहुंचेंगे। जहां जिस कार्यकर्ता का प्रभाव है या जहां संगठन को जिसकी आवश्यकता महसूस होगी, वहां उसी के अनुसार जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। कार्यकर्ता एक-एक वार्ड की जिम्मेदारी लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय होंगे और चुनाव में पार्टी को मजबूती देने के लिए सहयोग करेंगे। भाजपा ने पंचायत राज चुनावों में संगठन की सक्रियता बढ़ाने और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में भाजपा युवा नेता अमित सहू, आशीष पारीक, जुगल किशोर गौड़, प्रदीप ऐरी, नितिन बंसल, मुरलीधर सोनी मौजूद रहे।
