हनुमानगढ़। हिंदुस्तान स्काउट एंड गाइड राजस्थान राज्य जिला मुख्यालय हनुमानगढ़ के तत्वावधान में आयोजित ग्रीष्मकालीन अभिरुचि एवं कौशल विकास शिविर में बच्चों को विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शिविर का आयोजन 18 मई से 20 जून तक राजकीय प्राथमिक विद्यालय, वार्ड नम्बर 39 में किया जा रहा है। शिविर में बालक-बालिकाओं को उनकी रुचि के अनुसार डांस, हैंडीक्राफ्ट, मेहंदी, ब्यूटी पार्लर, स्पोकन इंग्लिश, चित्रकला, कुकिंग तथा राइफल शूटिंग सहित विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण प्राप्त कर बच्चे अपनी प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ नई-नई कौशल भी सीख रहे हैं। जिला ऑर्गेनाइजर दीपक यादव ने बताया कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उनकी रुचियों के अनुरूप प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शिविर का आयोजन किया जाता है। इससे बच्चों को अपनी कला और क्षमता को विकसित करने का अवसर मिलता है तथा उनका सर्वांगीण विकास होता है। उन्होंने बताया कि राइफल शूटिंग का प्रशिक्षण अस्त्रवीर शूटिंग रेंज में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप दिया जा रहा है। इस प्रशिक्षण में बच्चे निशानेबाजी की बारीकियां सीख रहे हैं। दीपक यादव ने कहा कि ऐसे शिविर बच्चों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास बढ़ाने और उनकी रचनात्मक क्षमता को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
