हनुमानगढ़। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने शुद्ध आहार-मिलावट पर वार अभियान के तहत बुधवार को खाद्य सामग्री का निरीक्षण कर तीन नमूने संग्रहित किए। खाद्य सामग्री का विक्रय करने वाले व्यवसाइयों को शुद्ध खाद्य सामग्री बनाने, बेचान करने एवं संस्थान पर साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए गए। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि जिले में शुद्ध आहार-मिलावट पर वार अभियान के तहत बुधवार को कई दुकानों की जांच कर सैम्पल संग्रहित किए गए। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान रोड़ांवाली में मै. गोदारा डेयरी से घी, मै. सोनी किरयाना स्टोर से रोज शर्बत एवं मै. न्यू सोनी किरयाना स्टोर से नौलखा ब्रांड के सरसों के तेल का सैम्पल संग्रहित किया गया। सभी सैम्पल को जांच के लिए बीकानेर स्थित जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला में भिजवाया गया है। निरीक्षण दल में एफएसओ रफीक मोहम्मद, एफएसओ सुदेश कुमार गर्ग, हीरावल्लभ, गार्ड अशोक कुमार एवं वाहन चालक गुरुशरण सिंह शामिल रहे।
