हनुमानगढ़। श्री अमरनाथ सेवा समिति द्वारा होली के पावन पर्व पर स्नेह मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया जा रहा है। समिति के समस्त सदस्यों को सूचित किया गया है कि यह कार्यक्रम दिनांक 4 मार्च 2026, दिन बुधवार, सायं 4:00 बजे धर्मशाला परिसर में आयोजित होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य आपसी प्रेम, सौहार्द एवं सामाजिक एकता को सुदृढ़ करना है। समारोह के दौरान रंगोत्सव की शुभकामनाओं के आदान-प्रदान के साथ-साथ समिति की भावी योजनाओं पर भी विस्तृत चर्चा की जाएगी। विशेष रूप से मंदिर एवं धर्मशाला निर्माण हेतु भूमि क्रय करने के प्रस्ताव पर विचार-विमर्श किया जाएगा। समिति पदाधिकारियों के अनुसार यह निर्णय संस्था के दीर्घकालीन विकास एवं धार्मिक गतिविधियों के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा। समिति के अध्यक्ष सूरजभान मित्तल एवं सचिव इन्द्रजीत चराया ने सभी सदस्यों से समय पर उपस्थित होकर अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सदस्य की सक्रिय भागीदारी से ही समिति के उद्देश्यों को सफलतापूर्वक साकार किया जा सकता है। समिति ने सभी सदस्यों से सादर आमंत्रण स्वीकार कर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
