हनुमानगढ़। राजस्थान अकाउंटेंट एसोसिएशन जिला शाखा की ओर से रविवार को जंक्शन के सिविल लाइंस स्थित सामुदायिक भवन में स्नेह मिलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से लेखाकर्मी शामिल हुए। समारोह का उद्देश्य संगठनात्मक एकता को सुदृढ़ करना, नव नियुक्त एवं पदोन्नत लेखाकर्मियों का सम्मान करना तथा सेवानिवृत्त लेखाकर्मियों के योगदान को स्मरण करना रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान अकाउंटेंट एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष लालचंद यादव रहे। विशिष्ट अतिथियों में सीएओ कृष्ण शर्मा, नीतू चुघ, सीनियर एओ प्रमोद कुमार, राकेश कुमावत, अजीत नाथावत एवं अवनीश डेलू शामिल रहे। समारोह के दौरान नवनियुक्त कनिष्ठ लेखाकारों, सेवानिवृत्त लेखा कर्मियों तथा सहायक लेखाधिकारी से सहायक लेखाधिकारी प्रथम पद पर पदोन्नत हुए लेखाकर्मियों का सम्मान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि लेखाकर्मियों की निष्ठा, ईमानदारी और परिश्रम से ही विभागीय कार्य सुचारू रूप से संचालित होते हैं। मुख्य अतिथि प्रदेशाध्यक्ष लालचंद यादव ने अपने संबोधन में संगठन की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बताया कि लेखाकर्मियों की 25 सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर प्रदेश स्तर पर राज्य सरकार के समक्ष निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि संगठन की एकजुटता एवं अनुशासित प्रयासों से इन मांगों का शीघ्र समाधान संभव होगा। यादव ने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकता है और प्रत्येक परिस्थिति में लेखाकर्मियों को एक-दूसरे का सहयोग करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन केवल मांगों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक साथी की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहता है। संगठन को मजबूत बनाने के लिए निरंतर सक्रिय रहना एवं नए लेखाकर्मियों को जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है। विशिष्ट अतिथियों ने संगठन के कार्यांे की सराहना की तथा लेखाकर्मियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आयोजन को सफल बनाने में जिलाध्यक्ष अनिल बिजारणिया, जिला मंत्री संदीप तरड़ एवं कोषाध्यक्ष पंकज सुथार, गुरविंद्र सुथार, कृष्ण भाट, विजय सहारण, निजामुद्दीन गौरी, देवेंद्र राठौड़, मोहन स्वामी, सुनील स्वामी, राकेश गोदारा, पूनम राठौड़, रोहित सैनी, रमनदीप कौर एवं रविना का सहयोग रहा।
