–मंडी प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ टाउन मंडी में गेहूं खरीद व्यवस्था के लिए भेजे गए सरकारी बारदाने के कथित अवैध भंडारण के मामले में मंडी प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना हनुमानगढ़ टाउन में प्राथमिकी दर्ज करवाई है। कृषि उपज मंडी समिति हनुमानगढ़ टाउन के सचिव सी.एल. वर्मा द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। सीएल वर्मा ने बताया कि भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के लिए श्री अन्नपूर्णा वेयरहाउस, श्रीगंगानगर से ट्रक नंबर RJ31GB3726 एवं RJ31GB1443 के माध्यम से 50 हजार बारदाना बैग हनुमानगढ़ भेजे गए थे। आरोप है कि इनमें से एक ट्रक में भरे 25 हजार बारदाना बैग को अवैध रूप से नई धान मंडी स्थित मैसर्स साई ब्रदर्स की दुकान नंबर 39-A में उतारकर भंडारित कर दिया गया।
जांच टीम ने किया मौके का निरीक्षण
मामले की सूचना मिलने पर कृषि विपणन क्षेत्रीय उपनिदेशक विष्णुदत्त शर्मा के निर्देशानुसार संयुक्त जांच टीम गठित की गई। टीम में मंडी सचिव विनीता लोहमरोड़, सहायक सचिव नोहर हरीश कौशिक सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि ट्रक 19 मई को रात करीब 9 बजे मंडी पहुंचे थे। ठेकेदार फर्म के अनुसार ट्रकों को अगले दिन सुबह आनुपातिक वितरण के लिए मंडी में खड़ा रखने के निर्देश थे, लेकिन आरोप है कि उसी रात व्यापार संघ अध्यक्ष श्री रामलाल किरोड़ीवाल के पुत्र रजत किरोड़ीवाल एवं अन्य व्यक्तियों द्वारा एक ट्रक का पूरा बारदाना साई ब्रदर्स फर्म में उतरवा दिया गया। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ बारदाना पिकअप वाहन में भरकर अन्य स्थान पर ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन विरोध होने पर उसे वापस लाकर रख दिया गया। जांच टीम ने मौके से 25 हजार बारदाना बैग जब्त कर जब्ती कार्रवाई पूरी की। इसके उपरांत कमेटी द्वारा इन्हें समानुपातिक रूप से वितरित किया गया है। पूछताछ में सामने आया कि बिना किसी सक्षम अनुमति के बारदाना निर्धारित भंडारण स्थल के बजाय निजी फर्म में रखा गया था।
तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
मंडी सचिव सी.एल. वर्मा ने बताया कि यह कृत्य गेहूं खरीद व्यवस्था और सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग की श्रेणी में आता है। पुलिस थाना हनुमानगढ़ टाउन में रजत किरोड़ीवाल, सोहन सिंह और राय सिंह के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज करवाया गया है। थानाधिकारी अशोक बिश्नोई द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
