हनुमानगढ़। सामग्री विज्ञान में प्रगति और उभरती प्रौद्योगिकियां विषय पर आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन 28 एवं 29 अप्रैल को चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय, सिरसा में संपन्न हुआ। इस सम्मेलन में देशभर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं, शोधार्थियों और शिक्षकों ने हिस्सा लेकर अपने शोध कार्यांे और नवाचारों का प्रदर्शन किया। सम्मेलन में श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय, हनुमानगढ़ जंक्शन के 19 छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। विश्वविद्यालय की ओर से कुल 6 पोस्टर प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें 5 प्रस्तुतियां बीएससी और एमएससी छात्र-छात्राओं की ओर से तथा एक प्रस्तुति संकाय सदस्यों डॉ. मीनल और डॉ. मनवीर कौर की ओर से प्रस्तुत की गई। इन प्रस्तुतियों में से एक पोस्टर को सर्वश्रेष्ठ पोस्टर प्रस्तुति (प्रथम पुरस्कार) से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि ने न केवल विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया, बल्कि छात्र-छात्राओं की प्रतिभा, परिश्रम और वैज्ञानिक सोच को भी उजागर किया। श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि भविष्य में भी छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने अनुसंधान, नवाचार और परियोजना आधारित कार्यांे को बढ़ावा देने पर जोर दिया। विश्वविद्यालय चेयरपर्सन वरुण यादव ने इस उपलब्धि को छात्र-छात्राओं के समर्पण, अनुशासन और टीमवर्क का परिणाम बताते हुए कहा कि ऐसे मंच छात्र-छात्राओं को शोध और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। विज्ञान संकाय की डीन डॉ. स्वाति ओझा ने कहा कि इस तरह के सम्मेलन प्रतिभा को निखारने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने भविष्य में गुणवत्ता शिक्षा और शोध गतिविधियों को और सुदृढ़ करने का संकल्प व्यक्त किया।
